सीवन में चोरी की वारदात लगातार बढ़ती जा रही हैं। गांव कांगथली में बुधवार रात चोरों ने तीन दुकानों के ताले तोड़े। बीरा राम कांगथली निवासी कांगथली राधा स्वामी सत्संग घर के सामने कबाड़ी की दुकान करता है। उसकी दुकान का ताला तोड़ चोरों ने गल्ला ही चुरा कर ले गए व इन्वर्टर का बैटरा चुरा ले गए। गल्ले में 5-6 हजार रुपये थे। दुकान का खाली गल्ला समीपवर्ती गांव राम नगर में मेन रोड पर पड़ा मिला। इस मामले में दुकान मालिक ने थाना सीवन में शिकायत दर्ज करवाई।
दूसरी चोरी प्रगट की दुकान कांगथली टैक्सी स्टेंड के सामने हुई। प्रगट की नाई की दुकान है उसे सूचना मिली की दुकान खुली पड़ी है। देखने पर पाया की आधा शटर ऊपर उठा हुआ था। इस दुकान में से भी बैटरा चुरा लिया व गल्ले पर हाथ साथ कर दिया गया था। तीसरी चोरी कुलदीप की नाई की दुकान में हुई। इस चोरी में भी शटर तोड़ कर बैटरा चुरा लिया व गल्ले को तोडने का प्रयास किया जो चोरों से खुला ही नहीं। सीवन में बन्ती देवी ने अपने मकान की छत डालनी थी। जिसके लिए उसे कालोनी की तीसरी किश्त सरकार की और से 35,000 रुपये मिली थी उसका मकान बिना छत के है। उसने अपने पैसे पीपे में रखे थे। बीती रात चोरों ने उन 35 हजार रुपयों पर हाथ साफ कर लिया। जिसकी सूचना थाना में दे दी है। उससे पूर्व गांव रसूलपुर से दो भैंस व मांडी सदरां से एक भैंस व एक झोटी चोरों ने चुरा ली जिसका एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी कोई पता नहीं चला है। क्षेत्र में बढ़ रही चोरियों से लोगों में दहशत का माहौल है। सभी चोरियों में पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।