संदिग्ध हाल में इंजीनियरिंग की एक छात्रा सुमन लापता हो गई। पांच दिन पूर्व महिला पालीटेक्रिक कालेज मेजा इलाहाबाद से सोनभद्र आने के लिए निकली थी। गुरुवार को राबर्ट्र्सगंज कोतवाली पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी के सुनील की बेटी सुमन महिला पालीटेक्रिक कालेज मेजा इलाहाबाद में इलेक्ट्रानिक द्वितीय वर्ष की छात्रा है। कालेज से 27 मई की प्रात: साढ़े पांच बजे सुमन अपने घर लोढ़ी आने के लिए निकली।
सुबह 11 बजे के बाद छात्रा का मोबाइल बंद हो गया। देर शाम तक घर नहीं पहुंची तो परिवार के लोग तलाश करने लगे। रिश्तेदारों और संबंधितों के यहां पूछताछ की कई मगर कुछ पता नहीं चला। सुमन के पिता ने सहेलियों से संपर्क किया तो पता चला कि वह तो घर चली गई थी।
गुरुवार को सुनील ने कोतवाली जाकर पुलिस को बेटी के गायब होने की तहरीर दी। सीओ धनंजय सिंह कुशवाहा ने कहा कि सुमन के पिता की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। छात्रा के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाकर बाकी की जानकारी जुटाई जा रही है।