हरियाणा के कैथल में दो माह पहले कैथल की नानकपुरी कॉलोनी में हुए आन के लिए हत्या के मामले में आरोपी किशोरी की मां को रिहा करवाने की मांग के लिए गांव क्योड़क में महापंचायत हुई। क्योड़क के सरपंच जसबीर सिंह की अध्यक्षता में हुई महापंचायत में क्योड़क सहित आसपास के कई गांवों से सैंकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए।
लोगों ने निर्णय लिया कि जिस किशोर ने कैथल में गोली मारकर उसकी बहन की हत्या की थी, उस मामले में पुलिस ने बिना कारण किशोर की मां को गिरफ्तार कर रखा है। महापंचायत में पहुंचे लोगों ने किशोर की मां की रिहाई को लेकर पहले तो जेल भरो आंदोलन के तहत सामूहिक गिरफ्तारी दी।
बाद में पुलिस-प्रशासन को अल्टीमेटम दिया कि अगर पांच सितंबर से पहले किशोर की मां को रिहा नहीं किया गया तो वे विधानसभा चुनाव का पूर्ण बहिष्कार कर देंगे। इसके अलावा अगर रोड जाम या अन्य कोई कदम उठाना पड़ा तो वे पीछे नहीं हटेंगे।
कैथल एसडीएम अजय कुमार महापंचायत में लोगों के बीच पहुंचे और मौकास्थल पर ही लोगों की सांकेतिक गिरफ्तारी स्वीकार की। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन अगले कुछ ही दिनों में मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगी। अगर किशोर की मां निर्दोष है तो उसे रिहा करवाया जाएगा। इस आश्वासन पर सहमति जताते हुए लोगों ने महापंचायत का समापन कर दिया।
महापंचायत में शामिल राव सुरेंद्र सिंह, राजपाल तंवर, अनिल तंवर, सुरेश कुमार, राजू, ओमकुमार, चांदीराम, मनीष, सोनू व गुरमेल ने कहा कि मामले में पुलिस ने किशोर की मां को बेवजह गिरफ्तार किया हुआ है। वे उसकी रिहाई को लेकर कई बार पुलिस-प्रशासन से मिल चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। ऐसे में ग्रामीण जेल भरने को मजबूर हुए हैं।
यदि पुलिस ने पांच सितंबर तक किशोर की मां को रिहा नहीं किया तो वे आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे। इसके लिए चाहे शहर जाम करना पड़े या रोड उखाडऩे पड़े, वे किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेंगे। यह भी चेतावनी दी कि क्योड़क सहित आसपास के 50 से अधिक गांवों में विधानसभा चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा। किसी भी पार्टी के नेता को उनके गांव में नहीं घुसने देंगे। ग्रामीणों ने एसडीएम अजय कुमार को लिखित में मांगपत्र भी दिया। मौके पर पहुंचे लोगों में से करीब 150 व्यक्तियों ने सांकेतिक गिरफ्तारी दी।
ये था मामला
गांव क्योड़क की एक युवती ने कैथल की नानकपुरी कॉलोनी में रहने वाले एक युवक से प्रेम विवाह कर लिया था। इस शादी से खफा युवती के 17 वर्षीय भाई ने 19 जून को कैथल में अपनी बहन के घर में घुसकर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में पुलिस ने किशोर सहित युवती के माता-पिता व मामा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। हत्या के बाद युवती के भाई ने तो स्वयं ही शहर थाना में जाकर समर्पण कर दिया था, लेकिन अन्य को पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया था। अब मामले में किशोर की मां को रिहा करने की स्थानीय लोग कर रहे हैं।