हरियाणा के कैथल के गुहला-चीका क्षेत्र में कैथल-चीका रोड पर रविवार सुबह एक कार चालक ने ट्रक को गलत साइड से ओवरटेक करते हुए दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी। कार की टक्कर में बिजली बोर्ड कांगथली के एसएसए की मौत हो गई और उसकी पत्नी घायल हो गई। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
टाटा मोटर कंपनी कैथल में सर्विस एजवाइजर सीवन निवासी नवीन शर्मा ने बताया कि रविवार सुबह बिजली बोर्ड कांगथली में एसएसए उसका 30 वर्षीय भाई दिनेश बाइक पर अपनी पत्नी सोनिया के साथ शॉपिंग करने के लिए चीका जा रहे थे। वह भी उनके साथ एक दूसरी बाइक पर जा रहा था।
जब वह गांव पीडल से चीका के बीच पहुंचे तो चीका की तरफ से आ रही एक सफेद रंग की वैगनार कार का चालक लापरवाही से गाड़ी चलाता हुआ आ रहा था। जब वह गलत तरीके से एक ट्रक को ओवरटेक करने लगा तो उसने आगे जा रहे उसके भाई विनोद की बाइक को टक्कर मार दी।
संतुलन बिगड़ने पर कार चालक ने दो अन्य मोटरसाइकिलों को भी टक्कर मार दी। कार की टक्कर लगने के बाद उसका भाई दिनेश व भाभी सोनिया सड़क पर गिर गई। जब उसने चालक का नाम पता पूछताछ तो उसने अपना नाम जितेंद्र कुमार पुत्र हरिश कुमार निवासी वार्ड नंबर सात रेलवे कॉलोनी गोहाना जिला सोनीपत बतलाया।
इसके बाद वह एंबुलेंस का इंतजाम करके उसके भाई दिनेश व भाभी सोनिया को गुहला के सरकारी अस्पताल में ले गया। जहां डॉक्टरों ने उसके भाई दिनेश को मृत घोषित कर दिया। घायल अवस्था में उसकी भाभी सोनिया को पटियाला रेफर किया गया है।