हरियाणा पुलिस ने सिपाही भर्ती परीक्षा लीक मामले में 11 आरोपियों की गिरफ्तारी पर इनाम रखा है। जम्मू-कश्मीर के रहने वाले मुख्य आरोपी अफजल और मुजफ्फर की सूचना देने वाले को 2-2 लाख और हरियाणा के रहने वाले 9 आरोपियों की गिरफ्तारी पर 50-50 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। इन सभी को वांछित घोषित किया गया है।
इस मामले में 88 लोगों को गिरफ्तार किया जाना है लेकिन पुलिस अभी तक 32 को ही गिरफ्तार कर पाई है। कश्मीर के दो मुख्य आरोपी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि सिपाही पेपर लीक मामले में पुलिस महानिदेशक हरियाणा ने वांछित आरोपी मुहम्मद अफजल डार निवासी हजरत बल श्रीनगर और मुजफ्फर अहमद निवासी गुल जिला रामबन जम्मू पर 2-2 लाख रुपये इनाम घोषित किया है। जबकि वांछित आरोपी कुलदीप निवासी खांडाखेड़ी जिला हिसार, वेदप्रकाश निवासी रिटौली जिला रोहतक, नवीन निवासी माजरा प्यो जिला हिसार, रमेश व अशोक दोनों निवासी खुड़ाना जिला महेंद्रगढ़, प्रदीप निवासी हिसार, निहाल सिंह तथा मनोहर दोनों निवासी ढाणी खुशहाल माजरा जिला भिवानी और राधे श्याम निवासी इक्कस जिला जींद पर 50-50 हजार रुपये इनाम प्रत्येक पर घोषित किया गया है। इनकी सूचना देने वालों को यह इनाम राशि दी जाएगी।
आंसर-की लीक होने के बाद रद्द करनी पड़ी थी परीक्षा
आंसर-की लीक होने के कारण हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने सात अगस्त को दो सत्रों में हुई पुलिस भर्ती परीक्षा रद्द कर दी थी। इसके बाद कैथल पुलिस ने आंसर-की लीक करने के मामले में पांच और फतेहाबाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब तक इस मामले में 32 लोगों की गिरफ्तार हो चुकी है। वहीं कुल 88 लोगों को पकड़ना है। आरोपी कैथल में 12-12 लाख और फतेहाबाद में 18-18 लाख रुपये में आंसर-की अभ्यर्थियों को उपलब्ध करवा रहे थे। आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने कैथल, हिसार, जींद समेत कई जिलों में छापे मारे। वहीं हरियाणा पुलिस ने जम्मू-कश्मीर में भी दबिश दी थी।