पूंडरी क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला अपनी पुत्रवधू के व्यवहार से तंग आकर सिरसा ब्रांच में कूद गई। लेकिन आस-पास के लोगों ने उसे बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी जान बच गई। जिला अस्पताल में पहुंचे फतेहपुर निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उनकी पुत्रवधू उनके साथ झगड़ा करती है। उनके बेटे की पहले मौत हो चुकी है। उनकी पुत्रवधू उन दोनों के साथ लगातार झगड़ा करती रहती है। उसका व्यवहार काफी खराब है।
वह स्वयं भी बीमार रहता है। उसके बेटे के पास दो बच्चे हैं। बुधवार दोपहर को वह बच्चों को स्कूल से लेने गया हुआ था। इसके बाद वापस घर आया तो यहां उसकी पत्नी नहीं मिली। इसके बाद उन्हें पत्नि के जिला अस्पताल में दाखिल होने की सूचना मिली। यहां आकर पता चला कि उसकी पत्नी ने सिरसा ब्रांच में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। आसपास के लोगों ने पवन चक्की के निकट उसे निकाल लिया।
यह भी पढ़ें- हरियाणा: आउटसोर्सिंग की भर्तियों में एससी वर्ग को मिलेगा आरक्षण, एससी आवास योजना के लिए बनेगा विशेष प्रकोष्ठ
पूंडरी चौकी प्रभारी तरसेम ने बताया कि पुलिस को गांव धोंस के पास नहर पर स्थित पवन चक्की के पास महिला के नहर में गिरने की सूचना मिली। सूचना पर डायल 112 गाड़ी मौके पर पहुंची। यहां महिला को सकुशल बाहर निकाला और जिला अस्पताल में दाखिल कराया। महिला सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से पुलिस को शिकायत नहीं दी गई है।