कैथल। गांव हरसौला में झगड़े के मामले में नोटिस देने के लिए गए दो पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट कर उन्हें बंधक बना लिया। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम गांव में पहुंची और बंधक पुलिस कर्मियों को छुड़वाया। बाद में पुलिस ने 5 के खिलाफ केस दर्ज करते हुए एक को काबू किया। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
हेड कांस्टेबल जयभगवान ने तितरम थाना में शिकायत दी कि 27 जून को वह मामले को लेकर एसपीओ रमेश कुमार के साथ हरसौला गया था। जब वह गांव के एमटीएम स्कूल के पास पहुंचा तो गांव वासी संदीप व पाला वहां आ गए। जब उसने नोटिस देने की बात कही तो आरोपियों ने नोटिस लेने से मना कर दिया व कहा कि वे उनके बुलाने से थाना में नहीं आएंगे। जब वे नोटिस देने के लिए पालाराम के घर गए तो वहां भी आरोपियों ने नोटिस लेने से मना कर दिया व परिवार की तीन महिलाओं के साथ मिलकर उनसे मारपीट की। आरोपियों ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाते हुए वर्दी फाड़ दी व उन्हें बंधक बनाया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। यह सूचना तितरम थाना में पहुंचते ही एएसआई संजय, एचसी विरेंद्र, एचसी गुरदेव व मंदीप अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे व आरोपियों की गिरफ्त से जयभगवान व रमेश कुमार को छुड़वाया। आरोपियों ने करीब पौने घंटे तक दोनों कर्मचारियों को बंधक बनाए रखा। बाद में पुलिस ने पाला राम, संदीप, कृष्णा, पूनम व कविता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
जांच अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि मामले में पुलिस ने पाला राम को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच के संबंध में पुलिस की ओर से आगामी कार्रवाई की जा रही है। पाला राम को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपी तीन महिलाओं सहित पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले को लेकर आगामी कार्रवाई की जा रही है।