चोर गिरोह से चार सदस्य गिरफ्तार, जेवरात समेत सामान बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। सीआईए-टू पुलिस ने चोर गिरोह के 4 सदस्यों के कब्जे से 2 मामलों में 6 तोले सोने के जेवरात व 40 इंच की एलईडी बरामद की है। चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
एसपी सुमेर प्रताप सिंह ने बताया कि सीआईए-2 प्रभारी इंस्पेक्टर मनीष कुमार की अगुवाई में एएसआई रमेश चंद्र की टीम ने सेंधमारी मामले में पुलिस रिमांड पर चल रहे आरोपी अक्षय कुमार निवासी अर्जुन नगर, सौरव निवासी सौंठा रोड सीवन व आरोपी अंकित उर्फ गजनी निवासी सीवन गेट कैथल से पूछताछ दौरान वारदात में शामिल चौथे आरोपी की पहचान राजेश उर्फ मिंटू निवासी शिव कॉलोनी पट्टी अफगान कैथल के रूप में की गई। आरोपी राजेश को सीआईए-टू ने सीवन बाईपास से काबू करते हुए गिरफ्तार कर लिया।
माता गेट कैथल निवासी ओमप्रकाश 29 अप्रैल के दिन अपने मकान को ताला लगाकर पत्नी सहित अपने रिश्तेदार के घर शादी समारोह में चला गया। अगली सुबह वापस आने पर मेन गेट का ताला टूटा था और अंदर अलमारी से जेवरात और नगदी गायब थी। चारों आरोपियों के कब्जे से चोरी हुआ एक सोने की चेन, 2 अंगूठी व 2 जोड़ी टॉप्स सहित करीब 6 तोला सोने के जेवरात बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी अक्षय, सौरव व अंकित उर्फ गजनी ने कबूला कि उन्होंने पिछले माह प्रताप गेट नजदीक हनुमान मंदिर स्थित एक अन्य मकान से एलईडी टीवी व कुछ अन्य सामान चुराया था। राजकुमार के घर में सेंध लगाई गई थी। तीनों आरोपियों को सीआईए-टू पुलिस के हेड कांस्टेबल प्रदीप गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी हुई 40 इंच की एलईडी बरामद कर ली।