जमीन के विवाद में घायल हुए व्यक्ति ने तोड़ा दम
मृतक के भाइयों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला
जमीन के विवाद में 5 दिसंबर को हुआ था झगड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत। गांव बालू की रापड़िया पट्टी में भूमि विवाद को लेकर हुए आपसी झगड़े में घायल एक व्यक्ति की पीजीआई रोहतक में मौत हो गई। मृतक बजिंद्र की पत्नी पूनम की शिकायत पर पुलिस ने मृतक के भाई सहित 5 लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
गांव बालू के बजिंद्र ने करीब पांच माह पहले जमीन का एक टुकड़ा बेचा था जिसको लेकर भाईयों में आपसी तनातनी बनी हुई थी। 5 दिसंबर को मामला मार पिटाई तक जा पहुंचा। उसके पति को उसके सगे भाई व अन्य ने लाठियों से बुरी तरह से पीटा जिसके कारण बजिंद्र बुरी तरह से घायल हो गया था। शुक्रवार को शव के गांव में पहुंचने से पहले ही पुलिस पहुंच गई। शाम को मृतक का संस्कार कर दिया गया।
एसएचओ ललित मोहन ने बताया कि मृतक की पत्नी की शिकायत पर मरने वाले के सगे भाई गोबिंद, बलवान, ऋषिया, महावीर व मांगे राम के खिलाफ आईपीसी की धारा 148, 149, 302, 327 व 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गांव के लोगों ने बताया कि मरने वाले के तीन छोटे छोटे बच्चे हैं।