गुरुद्वारे में हुई बच्चे की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
बाद में हिमाचल में हुए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट देखने के बाद शांत हुए परिजन
कैथल। राजौंद में एक महिला अपने बच्चों के साथ हिमाचल में एक ऐतिहासिक गुरुद्वारे में गई थी। वहां तालाब में डूबने से उसके छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। महिला बच्चे का शव लेकर जब वापस घर पहुंची तो परिजनों ने हत्या की आशंका जता कर पुलिस को सूचित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सारी बात की जानकारी हासिल की और बाद में परिजनों को समझा-बुझाकर बच्चे का अंतिम संस्कार करवाया।
राजौंद में एक विधवा महिला अपने मायके गई थी। वहां से वह घूमने के लिए कुल्लु-मनाली चली गई। यहां एक गुरुद्वारे में उसके बच्चे की मौत हो गई। उसे लेकर वह शनिवार सुबह घर पहुंची। जहां परिजनों ने बच्चे की हत्या की आशंका जता कर पुलिस में सूचना दी और बच्चे का दोबारा से पोस्टमार्टम करवाने की मांग की। मौके पर पहुंचे एसएचओ राजौंद ने कहा कि पोस्टमार्टम वहीं होगा, जहां पहले हुआ है। उन्होंने वहां की पुलिस की पोस्टमार्टम रिपोर्ट की कार्रवाई देखकर परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया और अंतिम संस्कार करवाया।