11 हजार हाई वोल्टेज की तार टूट कर फोटो स्टेट की दुकान पर गिरी
एक युवक की मौत, एक पीजीआई रेफर
फोटो संख्या-37 व 38
अमर उजाला ब्यूरो
ढांड। शनिवार की रात गांव बंदराना में अचानक 11 हजार वोल्टेज बिजली की तार टूटकर गिरने से चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही ढांड थाने में तैनात एएसआई कृष्ण कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार गांव बंदराना के बस स्टैंड के पास रात करीब 9 बजे एक फोटोस्टेट की दुकान पर 11 हजार बिजली की हाई वोल्टेज की तार टूटकर गिर गई और दुकान में लगे लोहे के शटर में करंट आ गया। अपने किसी काम से दुकान के अंदर बैठे गांव के ही दो युवक शीतल (20) पुत्र रामकुमार व रघुवीर (32) पुत्र जय सिंह दुकान से बाहर निकलने लगे तो शटर में करंट आने के कारण बुरी तरह झुलस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसके बाद घायल अवस्था में कैथल के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। जहां शीतल पुत्र रामकुमार को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया और रघुवीर उर्फ काकू की हालत गंभीर देख उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। मृतक लड़का मजदूरी करता था। उसकी मौत से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
एकाएक हुई घटना से गांव में जहां लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी रोष है, वहीं युवक की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एएसआई कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई करके शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
वहीं एक्सईएन बिजली निगम पूंडरी सोमवीर ने कहा कि यह तार नहीं टूटी है। इंसुलेटर ब्लास्ट हुआ है। जिस कारण तार नीचे लटक गई। इससे शटर में करंट आया है। इसमें विभाग की ओर से हर संभव प्रयास करके परिवार की मदद की जाएगी।