आपत्तिजनक फोटो भेजकर मांगी दो लाख रुपये की फिरौती
पीड़ित ने रुपये देने के बहाने बुलाकर किया एक युवक को काबू, एक भागने में कामयाब रहा, पुलिस ने दर्ज किया दोनों के खिलाफ मामला
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। एक व्यक्ति को मोबाइल पर आपत्तिजनक फोटो भेजकर वायरल करने की धमकी देते हुए उससे दो लाख रुपये की फिरौती मांगने में युवक खुद ही फंस गए। पुलिस ने एक युवक को काबू कर लिया है। दूसरा भागने में कामयाब रहा। जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव मानस निवासी सुलेंद्र ने बताया कि कुछ दिन से उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति द्वारा संदेश भेजे जा रहे थे। जिसमें उसने कंप्यूटर की मदद से उसकी एक फोटो महिला के साथ आपत्तिजनक हाल में तैयार कर भेजी और कहा कि यदि उसने 2 लाख रुपये नहीं दिए तो वह इस फोटो के पोस्टर छपवाकर वायरल कर देगा। साथ ही पूरे गांव में चस्पा कर देगा। जब उसने उस व्यक्ति को फोन किया तो उसने फोन नहीं उठाया और दोबारा उसने मैसेज किया कि वह केवल चैट के माध्यम से ही बात करेगा। पहले उसने सोचा कि कोई दोस्त मजाक कर रहा होगा। उसने सारे दोस्तों को फोन किया, लेकिन किसी ने ऐसी बात नहीं मानी। इसके बाद उसने उस संदेश भेजने वाले युवक को मैसेज किया कि वे उसे रुपये देने को तैयार है। जिस पर उसे ढांड रोड पर शराब के ठेके के निकट फिरौती के 2 लाख रुपये ले जाने को कहा गया। वह अपने दोस्तों के साथ ढांड रोड पर पैसे लेकर पहुंच गए। जैसे ही आरोपी व उसका दोस्त उनसे पैसे लेने आए तो उन्होंने एक आरोपी को पकड़ लिया लेकिन दूसरा भागने में कामयाब हो गया। पकड़े गए युवक की पहचान कुलविंद्र धीमान निवासी गांव करोड़ा के रूप में हुई है। इसके बाद पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल रणदीप सिंह ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे आरोपी की पहचान कर ली है, जिसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।