संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। राजकीय बहुतकनीकी शिक्षण संस्थान में एसडीएम कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में जिलास्तरीय नार्काेटिक्स कोऑर्डिनेशन सेल मिशन के तहत खंड स्तरीय समिति की बैठक हुई। इसमें एसडीएम ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि विशेष अभियान चलाकर नशे के खिलाफ लोगों को ज्यादा से ज्यादा जागरूक करें। नशे से पीड़ित व्यक्तियों की मदद के लिए अपने प्रयासों को तेज करें। नशीली दवाओं को जब्त करने के साथ-साथ बिना किसी डिग्री/लाइसेंस के चलाएं जा रहे अस्पतालों व मेडिकल स्टोर को चेक करें। यदि कोई भी व्यक्ति नशीली दवाइयां बेचता है तो उस पर कड़ी कार्रवाई करें।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को नशा मुक्ति केंद्र में नशा छुड़वाने के लिए दी जा रही दवाइयों की जांच करने के आदेश दिए। शैक्षणिक संस्थानों में फीडबैक बॉक्स लगाने की समीक्षा की तथा विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में शिक्षित करने के लिए नियमित जागरूकता सत्रों की आवश्यकता पर जोर दिया। फीडबैक बॉक्स से कोई भी विद्यार्थी नशे के खिलाफ जानकारी दे सकता है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ग्राम स्तर पर अभियान चलाकर बच्चों, बुजुर्गाें, महिलाओं को नशे के होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करें। पंच, सरंपच, आशा वर्कर, आगंनबाड़ी वर्कर इस अभियान में अपनी अहम भूमिका निभाएं। ग्राम स्तर पर विशेष बैठक आयोजित कर लोगों को जागरूक करें। इस अवसर पर डीएसपी कुलदीप सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी सुखविंद्र सिंह, ड्रग इंस्पेक्टर चेतन वर्मा मौजूद रहे।