कैथल। कोरोना फिर हावी होने लगा है। बढ़ते संक्रमण के बीच लोगों ने भी नियमों का पालन करना शुरू कर दिया है। वीरवार को कोरोना के 15 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। इससे अब जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 22 से बढ़कर 35 हो गई है। इतना ही नहीं वीरवार को कोरोना से एक महिला की मौत भी हो गई। बता दें पिछले एक सप्ताह में कोरोना से यह दूसरी मौत है।
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार को जिले में कोरोना के 15 नए मामले सामने आए। अब तक कुल 11 हजार 289 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें से 10 हजार 905 ठीक हो चुके हैं। वीरवार को एक मरीज ने कोरोना को मात दी। बुधवार तक जिले में 22 नए मामले थे। अब कुल एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 35 हो गई है। वीरवार को एक कोरोना मरीज महिला की मौत हुई है। अभी तक कुल 349 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।
वीरवार को जिले में 13 हजार 951 को टीके लगाए गए। इस समय कोविशील्ड के 74 हजार 350 व कोवॉक्सीन के 15 हजार 10 टीके उपलब्ध हैं।
पहली टीके के शत-प्रतिशत लक्ष्य से महज 4 हजार 233 पीछे कैथल
आज हासिल हो जाएगा पहले टीके का शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन का लक्ष्य
जिले में अब तक 8 लाख 11 हजार 818 में से 8 लाख 7 हजार 585 लोगों को लगाए गए कोरोना के पहले टीके
दूसरा टीका 5 लाख 96 हजार 135 को लगाया गया, इसमें 73 प्रतिशत लक्ष्य हासिल
15 से 18 आयु वर्ग में कैथल में 60 हजार 792 में से 25 हजार 409 को लगाए गए टीके
जिला प्रशासन का किशोरों को टीका लगाने पर जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में कोरोना का पहला टीका लगवाने के लिए निर्धारित 8 लाख 11 हजार 818 के लक्ष्य को आज हासिल किया जा सकेगा। वीरवार सायं तक महज 4 हजार 233 टीके लगाने का अंतर इस लक्ष्य को हासिल करने में रह गया है। जिले में 99 प्रतिशत लोगों को पहला टीका लगाया जा चुका है, वहीं दूसरा टीका लगवाने में कैथल जिले में 73 प्रतिशत लक्ष्य हासिल हुआ है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में 8 लाख 11 हजार 818 लोगों को पहला टीका लगाया जाना था, जिसमें से वीरवार सायं तक 8 लाख 7 हजार 585 लोगों को टीका लगाया गया है। इसी प्रकार से 5 लाख 96 हजार 135 को दूसरा टीका लगाते हुए 73 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया गया है। किशोर आयु वर्ग में 25 हजार 409 को टीका लगाया गया है। इस वर्ग में टीकाकरण में प्रशासन का मुख्य जोर है, जिसमें अध्यापक वर्ग को अभी काफी ज्यादा काम किए जाने की आवश्यकता है। डीसी प्रदीप दहिया ने जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि वे जल्द से जल्द किशोर आयु वर्ग में 15 से 18 साल तक के बच्चों को टीके लगवाएं, ताकि किशोरों को एक तरह से कोरोना सुरक्षा कवच दिया जा सके।