संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जनकपुरी कॉलोनी में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब करीब डेढ़ दर्जन युवकों ने लाठी-डंडों से तीन युवकों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने न केवल युवकों की पिटाई की, बल्कि मौके पर खड़ी गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए। दोनों पक्षों की ओर से वीरवार को पुलिस को शिकायत दी गई है।
घटना का कारण प्लॉट पर दोनों पक्षों की दावेदारी को लेकर चल रहा विवाद बताया जा रहा है। गांव हथो निवासी जतिन, अजय और निर्मल ने बताया कि वे थार से पिता के पुराने प्लॉट पर आए थे। तीनों वहां बैठकर जलपान कर रहे थे, तभी कई गाड़ियों में सवार होकर करीब 18 युवक मौके पर पहुंचे, जिनके हाथों में लाठी और डंडे थे। आते ही युवकों ने बिना किसी चेतावनी के उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने सबसे पहले जतिन को निशाना बनाया और उसे लाठियों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसके सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। जतिन को बचाने के लिए जब उसके दोस्त बीच-बचाव करने आए, तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उनकी भी पिटाई कर दी। घटना के दौरान आरोपियों ने वहां खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। पीड़ितों का यह भी आरोप है कि हमलावर जाते समय जतिन के गले से सोने की चेन छीनकर ले गए।
दोनों पक्ष प्लॉट को अपनी-अपनी रजिस्ट्री का बता रहे हैं। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -रामनिवास, थाना प्रभारी-सिविल लाइन