कैथल। सेक्टर 18, 21 व 25 में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए एचएसवीपी विभाग ने करीब पौने तीन करोड़ रुपये का टेंडर लगाया है। छह जुलाई तक विभिन्न एजेंसियां टेंडर के लिए आवेदन कर सकती हैं। इसके बाद सात जुलाई को टेंडर अलॉट किया जाएगा। इसके बाद करीब चार महीनों सफाई समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत मिल जाएगी।
गौरतलब है कि चार महीनों से तीनों सेक्टरों की सफाई करने का टेंडर खत्म हो चुका था। इस कारण सेक्टरों में जगह-जगह कचरे से लोग परेशान हैं। चार महीने से सेक्टर वासी सफाई करवाने की मांग के लिए एचएसवीपी कार्यालय में बार-बार अधिकारियों से मिल रहे थे। इस काम को पूरा करवाने के लिए 23 जून को उच्चाधिकारियों से जिला विभाग को अनुमति मिली। एचएसवीपी विभाग के ईओ सुभाष चंद ने बताया कि सेक्टर 18, 21 व 25 की सफाई व्यवस्था के लिए सात जुलाई को टेंडर खोला जाएगा। यह टेंडर कुल दो करोड़ 73 लाख और 92 हजार रुपये का है। इसके बाद नियमानुसार पात्र पाई जाने वाली एजेंसी को काम दिया जाएगा ताकि सेक्टर की साफ-सफाई का काम अच्छे ढंग से हो सके।
तीनों सेक्टरों में रहते हैं करीब 1200 परिवार
सेक्टर 18, 21 व 25 के निवासी अजय, सुरेश व जगबीर लांबा ने बताया कि तीनों सेक्टरों में 1200 के करीब परिवारों का निवास है। पिछले चार महीनों से स्थानीय लोग सफाई न होने से परेशान हैं। व्यवस्था सुधरेगी तो राहत मिलेगी। पार्कों की सफाई समय पर हो सकेगी। गंदगी से छुटकारा मिलेगा।
ऐसे होगी राशि खर्च
घरों के आसपास व पार्कों की सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए विभाग ने दो करोड़ 73 लाख और 92 हजार रुपये का टेंडर किया है। इसमें सेक्टर 18 में 85 लाख 89 हजार, सेक्टर 21 में एक करोड़ 10 लाख 28 हजार रुपये व सेक्टर 25 में 77 लाख 75 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।