चिराग योजना के तहत दाखिला दिलवाने पर रुपये लेने के मामले में केस दर्ज
कैथल शिक्षा विभाग की ओर से शुरू की गई चिराग योजना के नाम पर दाखिला दिलवाने पर रुपये लेने के मामले में केस दर्ज किया है। बता दें कि पिछले महीने ही दो व्यक्तियों की ओर से सरकार के साथ अनुबंध होने की बात कहकर योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सर्वे किया जा रहा था। इस सर्वे में आरोपियों की ओर से 100-100 रुपये अभिभावकों से लिए जा रहे थे। जब इसकी जानकारी गांव नरवल के सरकारी स्कूल में कार्यरत एक अध्यापक को मिली तो उसने ग्रामीण बनकर इस गिरोह के सदस्य से अभिभावक बनकर बातचीत की थी। उसने इस बातचीत के ऑडियो को वायरल कर दिया था। इस मामले में अध्यापक संघ ने विरोध किया और मामला दर्ज करवाने की मांग की थी। अब जांच पूरी होने के बाद राजौंद थाना में केस दर्ज किया गया है।
यह दी गई थी शिकायत
जिला शिक्षा अधिकारी शमशेर सिंह सिरोही ने राजौंद थाना में दी गई शिकायत में बताया कि उन्हें 13 नवंबर को वाट्सएप के माध्यम से डीसी व निदेशालय से एक ऑडियो मिली थी। इसमें कुछ व्यक्तियों द्वारा चिराग योजना के विरुद्ध भार्मिक प्रचार किया जा रहा है, जो पूरी तरह से गलत है। इसलिए इस ऑडियो की सत्यता की जांच करके आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इस ऑडियो में सतपाल सागर और सुरजीत ने चिराग योजना के नाम पर रुपये मांगे हैं।
यह था पूरा मामला
बता दें कि राजौंद के गांव कोटड़ा में दो व्यक्तियों की ओर से अभिभावकों से चिराग योजना के तहत उनके बच्चों का दाखिला करवाने की बात की जा रही थी। इसमें कहा जा रहा था कि वह योजना के तहत सर्वे कर रहे हैं। इसलिए उन्हें 100 रुपये देने होंगे। इसके बाद उनके बच्चों का योजना के तहत नाम आ जाएगा। इस बातचीत की ऑडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की ओर से कार्रवाई की जा रही है। मामले में राजौंद थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि डीईओ की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। इसमें जांच शुरू की गई है।