कैथल। गुर्जर सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा के अनावरण के उपलक्ष्य में कुरुक्षेत्र रोड बाईपास पर सीवन रोड स्थित गुर्जर भवन में समारोह का आयोजन किया गया। इसमें गुर्जर भवन में हरियाणा सहित अन्य प्रदेशों से गुर्जर समाज के नेता पहुंचे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने अपने समाज की तरफ से आपस में भाईचारा बनाएं रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में यूपी के मेरठ से विधायक अमित प्रधान व कैथल से विधायक लीला राम गुर्जर मुख्य अतिथि रहे। समालखा के विधायक धर्म सिंह छोक्कर, भाजपा नेता राव सुरेंद्र, जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर और मनीष चौधरी कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे। इस मौके पर विधायक लीला राम गुर्जर ने कहा कि गुर्जर को कोई छेड़ नहीं सकता है। यदि कोई छेड़ सकता है तो वह गुर्जर ही है। लीला राम ने कहा कि गुर्जर ने हमेशा ही समाज को सही दिशा दिखाने के लक्ष्य से कार्य किया है। यह समाज सभी को साथ लेकर चलने वाला समाज है। सभी बिरादरियों को साथ लेकर उनके साथ भाईचारा बनाकर ही गुर्जर समाज चलता है।
उन्होंने कहा कि राजपूत समाज के साथ उनके समाज का कोई झगड़ा नहीं है। कॉलेज के समय में उनके राजनीतिक सफर में राजपूत समाज के लोगों का काफी सहयोग रहा है। दोनों की समाज का भाईचारा है। इस मौके पर जिप के पूर्व उपाध्यक्ष मुनीष कठवाड़, ओमप्रकाश राठी, विकास तंवर आदि मौजूद रहे।