कैथल। शनिवार को भिवानी में आयोजित पशुधन मेले में जाने के लिए पशुपालकों की संख्या इतनी हो गई कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित बसों में सवार नहीं हो सके। कई पशुपालक तो मेले में जाने से वंचित ही रह गए। अब पशुपालन विभाग ने बसों की संख्या बढ़ाने के लिए रोडवेज विभाग को पत्र लिखा है।
बता दें कि जिला भिवानी में पशुपालकों के लिए पशुधन प्रदर्शनी लगाई गई है। जो रविवार को संपन्न होगी। जिसमें जिले से भी 80 के करीब उन्नत किस्म के पशुओं ने भाग लिया है। पशु प्रदर्शन मेले में पशुपालकों को ले जाने के लिए पशुपालन विभाग ने रोडवेज विभाग से तीन बसों की अनुमति ली है। जिनमें जिले भर से अलग अलग गांवों से पशुपालकों को पशुधन मेले के ले जाया जाता है। शनिवार को मेले में जाने वाले पशुपालकों की संख्या अधिक होने के कारण बसों की संख्या कम पड़ गई। जिस कारण से पशुपालक अपने निजी वाहनों में मेले में पहुंचे। इसके बावजूद भी लगभग 200 पशुपालक वाहनों के अभाव में पशुधन के मेले में पहुंचने से वंचित रहे।
पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. देवेंद्र ढुल ने कहा कि रोडवेज विभाग से तीन बसें मिलीं थीं। जो पशुपालकों की संख्या को देखते हुए कम पड़ गई है। शनिवार को करीब 200 पशुपालक बसों की कमी के कारण पशुधन मेले में जाने से वंचित रहे। उन्होंने रोडवेज विभाग से दो अतिरिक्त बसों की मांग की है।