संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी के दिशा-निर्देशन में चल रही मुहिम के अंतर्गत पुलिस टीम ने सीवन में डोर-टू-डोर जागरूकता अभियान चलाया। इसके तहत आमजन को नशे के दुष्परिणामों के बता गया और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग की अपील की गई।
जागरूकता टीम में एसआई कर्मबीर, एएसआई ओमप्रकाश, एचसी सुनील कुमार, महिला सिपाही किस्मत, एसपीओ राजपाल और एसपीओ प्रदीप कुमार शामिल रहे। टीम ने सीवन के सभी वार्डों में पहुंचकर स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों सहित आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया।
डीएसपी कुलदीप बेनीवाल ने बताया कि यह टीम प्रतिदिन गांव-गांव जाकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है, जिसकी समाज में व्यापक सराहना की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है, जो व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों को प्रभावित करता है। दृढ़ संकल्प और सहयोग से इस बुराई को समाप्त किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी बताया कि जहां एक ओर पुलिस मादक पदार्थ तस्करों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई कर रही है, वहीं दूसरी ओर नशे के आदी व्यक्तियों की काउंसलिंग कराकर उन्हें सामान्य जीवन की ओर लौटने में मदद भी की जा रही है।
डीएसपी बेनीवाल ने युवाओं से अपील की कि वे खेलों और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लें और अपने माता-पिता व समाज का नाम रोशन करें। नशा-मुक्त एवं अपराध-मुक्त समाज की स्थापना के लिए जनसहयोग जरूरी है।