शिक्षा मंत्री को मांगों का ज्ञापन सौंपते एसोसिएशन के पदाधिकारी। विज्ञप्ति
कैथल। डेमोक्रेटिक स्कूल टीचर एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल राज्य चेयरमैन धर्मेंद्र ढांडा के नेतृत्व में प्रदेश के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा से चंडीगढ़ में मिला। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए अतिथि अध्यापकों को नियमित करने के बारे, शिक्षा के अधिकार नियम 2009 से पहले कार्यरत अध्यापकों पर टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट जबरदस्ती न थोपने, शीघ्र ट्रांसफर करने और वर्ष 2024 में नियुक्त शिक्षकों की संशोधित सूची से बाहर हुए अध्यापकों की सेवा सुरक्षा की मांग की। कैथल से जिला प्रधान विरेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रांसफर के मुद्दे के लिए शिक्षा मंत्री का रवैया सकारात्मक रहा।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते ट्रांसफर पॉलिसी तैयार हो चुकी है और इसको कैबिनेट की मंजूरी मिलते ही शीघ्र ट्रांसफर शुरू कर दिए जाएंगे। अतिथि अध्यापकों का मामला सरकार के संज्ञान में है, इस पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। 2009 से पहले लगे शिक्षकों के टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट पास करने के मुद्दे और 2024 में नियुक्त अध्यापकों की संशोधित सूची के बारे और संगठन की अन्य मांगों के बारे में उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों को शीघ्र बैठक का समय देकर विस्तृत विचार विमर्श करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में राज्य ऑडिटर सुनील गोयल, पंचकूला से राजेश शर्मा और फरीदाबाद से रविन्द्र कुंडू शामिल रहे।
शिक्षा मंत्री को मांगों का ज्ञापन सौंपते एसोसिएशन के पदाधिकारी। विज्ञप्ति