134-ए के तहत निजी स्कूलों में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई। नियम के अनुसार आर्थिक तौर पर कमजोर विद्यार्थियों को जिले के 282 स्कूलों में 10 प्रतिशत सीटों पर दाखिले दिए जाने हैं। आवेदन की प्रक्रिया 14 नवंबर तक जारी रहेगी।
शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बार कक्षा तीसरी से 12वीं तक 3500 से ज्यादा विद्यार्थियों के दाखिले का अनुमान लगाया जा रहा है। जबकि इससे पहले करीब 4000 हजार विद्यार्थी 350 से ज्यादा निजी स्कूलों में विभिन्न कक्षाओं में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इस बार केवल मान्यता वाले स्कूलों में ही विद्यार्थियों को दाखिले दिए जाने हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी अनिल शर्मा ने कहा कि आवेदनों से संबंधित डाटा अभी उपलब्ध नहीं हो पाया है। विद्यार्थी विभिन्न कक्षाओं में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने का समय 14 नवंबर तक है और इसके बाद परीक्षा 21 नवंबर को होगी। परीक्षा में पास होने वाले विद्यार्थियों को प्राप्तांकों के आधार पर स्कूलों में दाखिले दिए जाएंगे।