कैथल। जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी ने गन्ने की फसल बर्बाद करने का भी आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्योड़क निवासी कुलदीप ने पुलिस से बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। उन्होंने पिहोवा कैथल रोड पर गांव क्योड़क के पास राधा स्वामी भट्टा के नजदीक ओमपाल व ईशमा से जमीन खरीदी थी। वह उस जमीन का लगभग 15 साल तक मालिक रहा। उसने अपने हिस्सा कैथल निवासी हरजीत व बलजीत को बेच दिया और इसके बाद उनसे वह जमीन ठेके पर बोने के लिए ले ली। उस जमीन पर उसने गन्ने की फसल लगाई है। गांव का सुशील उस जमीन पर अपने भतीजे राहुल का हक जता रहा है, क्योंकि वह ओमपाल व ईशमा के परिवार से है।
कुलदीप का आरोप है कि गत 15 अप्रैल व 11 मई को सुशील ने जमीन पर कब्जा करने की नियत से ढाई एकड़ की गन्ने की फसल को ट्रैक्टर से बर्बाद कर दिया। क्योड़क चौकी में उसने शिकायत दी थी। इसके बाद पुलिस चौकी क्योड़क में पंचायत हुई लेकिन समय मांगने के बावजूद कोई समझौता नहीं हुआ। शिकायतकर्ता ने बताया कि 11 मई को वह किसी काम से कैथल गया था, उसके पास नौकर का फोन आया कि सुशील अपने साथियों के साथ मिलकर अपने खेत में कब्जा कर रहा है। तभी वह वहां पर पहुंचा तो उसके परिवार वालों को भी फोन किया। सुशील ट्रैक्टर से उसकी फसल को बर्बाद कर रहा था। उसने रोकने का प्रयास किया तो उसने गंडासियों से उस पर वार कर दिया। बाद में जान से मारने की धमकी देकर अपने साथियों के साथ ट्रैक्टर लेकर मौका से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।