Accused who supplied MTP kit arrested from Delhi
- फोटो : Kaithal
कैथल। एमटीपी किट बरामद करने के मामले में पुलिस ने रिमांड पर लिए गए आरोपी से पूछताछ के दौरान किट सप्लाई करने वाले आरोपी को भी दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान कर्ण सिंह मंढोली दिल्ली के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 102 अन्य एमटीपी किट बरामद हुई हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि 23 नवंबर को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी जींद निवासी मोहित को सीएम फ्लाइंग व गुप्तचर विभाग की टीम ने ढांड के पंचमुखी चौक से एमटीपी किट के साथ पकड़ा था। बाद में टीम ने पीएनडीटी नोडल ऑफिसर डॉ. गौरव पूनिया को बुलाकर आरोपी मोहित के बैग की तलाशी ली तो 222 एमटीपी किट बरामद हुई थी।
पूछताछ के दौरान आरोपी मोहित उक्त किटों के बारे में कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका था। एसपी ने बताया कि आरोपी मोहित का पूछताछ के लिए 2 दिन के लिए पुलिस रिमांड हासिल किया गया। रिमांड पर आरोपी से पूछताछ के दौरान एमटीपी किट सप्लाई करने वाले आरोपी कर्ण सिंह मंढोली दिल्ली को दिल्ली में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से 102 अन्य एमटीपी किट बरामद हुई हैं। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।