एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ पुलिस गिरफ्त में आरोपी। प्रवक्ता
- फोटो : संवाद
कैथल। वर्ष 2024 में फैक्टरी में बंधक बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी जिला जींद के गांव खापड़ निवासी रिंकू को पुलिस ने काबू कर लिया।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि चीका निवासी अमित कुमार ने शिकायत दी थी। उसमें बताया था कि उन्होंने गांव माजरी में शिव कैलाश ग्रीन एनर्जी के नाम से फैक्टरी लगा रखी है।
19 व 20 जनवरी की रात करीब तीन बजे उनके पास फैक्टरी से फोन आया कि फैक्टरी में चोरी हो गई है।
इस सूचना पर वे फैक्टरी में आए वहां पर उन्होंने देखा कि वर्कर काफी घबराए हुए थे। वर्कर नवीन कुमार निवासी कैलरम ने बताया कि वे फैक्टरी में सोए हुए थे तो सुबह करीब 2 बजे चार लड़के कमरे के अंदर आए। उन युवकों ने अपना मुंह ढका हुआ था और हाथ में लाठी और ईंटें ली हुई थी।
उन लोगों ने उसको चोट का भय दिखाकर मारपीट करके उसके हाथ पैर बांध दिए और कहा कि यदि शोर मचाया तो जान से मार देंगे। इसके बाद उससे पूछा कि फैक्टरी में कौन-कौन है और कितना कैश है। नवीन ने बताया कि कैश तो मालिक अपने साथ ले जाता है और अन्य वर्कर दूसरे कमरे में सो रहे हैं। उसके बाद उन लोगों ने दूसरे कमरे में सो रहे रोशन कुमार व भोला को भी बांध दिया। सभी लड़के फैक्टरी के ट्रांसफार्मर का सामान व कैमरे की डीवीआर चोरी करके ले गए। इस बारे में थाना गुहला में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
प्रवक्ता ने बताया कि कैथल पुलिस की ओर से गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पहले ही 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी रिंकू इस गिरोह में शामिल था, जो अभी तक गिरफ्त से बाहर चल रहा था। इसकी गिरफ्तारी पर पुलिस की ओर से पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।