कैथल। गांव नैना के खेल मैदान में दो पक्षों के बीच हुए झगड़े में तीन युवक घायल हो गए। पूंडरी थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव म्यौली निवासी रिंकू ने बताया कि उसकी पूंडरी में कोरियर की दुकान है। 22 जून की रात वह अपने मामा के घर गांव धौंस गया हुआ था। रात करीब नौ बजे उसके ममेरे भाई जशन का फोन आया कि गांव नैना में कुछ युवक उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलने पर वह अपने मामा जोगिन्द्र सिंह और राहुल के साथ गांव नैना के खेल मैदान में पहुंचा।
शिकायतकर्ता के अनुसार मैदान में दोनों गांवों के कई बच्चे और युवक मौजूद थे। जब वे लोगों के साथ मिलकर झगड़ा शांत कराने और सभी को घर भेजने का प्रयास कर रहे थे, तभी कप्तान नामक युवक लोहे की रॉड लेकर आया और रिंकू के सिर पर हमला कर दिया। आरोप है कि लक्ष्य ने लकड़ी के डंडे से उसकी टांग पर वार किया। बीच-बचाव करने आए जोगिन्द्र सिंह पर भी लोहे की रॉड से हमला किया गया। वहीं अक्षय और मान पर भी डंडों से पीटने का आरोप है। शोर करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए।
घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल कैथल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार सीटी स्कैन रिपोर्ट में रिंकू की पसलियों और बाएं कंधे की हड्डी में फ्रैक्चर पाया गया है, जबकि जोगिन्द्र सिंह की एक चोट को चिकित्सकों ने गंभीर बताया है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी शिव कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी कप्तान, लक्ष्य, अक्षय और मान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।