संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। बुढ़ाखेड़ा गांव में करोड़ों रुपये की ठगी के आरोपों में घिरी महिला तांत्रिक सुमन का परिवार एक पुराने दो मंजिला मकान में रहता है। मकान जर्जर हालत में है, जिसमें दो परिवार रह रहे हैं और दोनों के पास दो-दो कमरे हैं। ग्रामीणों के अनुसार सुमन का परिवार साधारण जीवन व्यतीत करता है। पति बलराज सिंह पेशे से इलेक्ट्रीशियन है और परिवार के पास सीमित जमीन है।
ग्रामीणों का कहना है कि सुमन का व्यवहार गांव में सामान्य रहा है और पहले कभी उसके खिलाफ ठगी की कोई शिकायत सामने नहीं आई। गौरतलब है कि पीड़ित अमनदीप ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि सुमन ने उसके परिवार को कलह और बीमारी का डर दिखाकर करीब 1.07 करोड़ रुपये ठग लिए। मामले में उसका पति, बेटा और एक अन्य व्यक्ति भी शामिल बताए जा रहे हैं।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने करीब दो वर्षों तक परिवार को तांत्रिक क्रियाओं में उलझाए रखा। इस दौरान पीड़ित परिवार ने जमीन बेचकर और बैंक की एफडी तुड़वाकर करीब 76 लाख रुपये नकद और 7 लाख रुपये ऑनलाइन सुमन को दिए। आरोप है कि सुमन उन्हें चामुंडा देवी धाम भी ले गई, जहां कथित रूप से इंजेक्शन के जरिए खून निकालकर मंदिर में चढ़ाया गया। सुमन पर 32 तोले चांदी और 6 तोले सोने के आभूषण हड़पने का भी आरोप है। जब परिवार को लाभ नहीं मिला तो घर वालों ने प्राथमिकी दर्ज करवाई।
मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-कुलदीप, थाना प्रभारी सदर