कैथल। देवीगढ़ रोड पर अमरगढ़ गामड़ी की गली नंबर चार के सामने छह लोगों ने एक बोलेरो में सवार शराब ठेकेदार के कारिंदों से मारपीट कर 90 हजार रुपये छीन लिए। पुलिस ने ठेके के कारिंदे की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जींद के गांव अलेवा निवासी संदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शराब के ठेके पर नकदी एकत्रित करने का काम करता है। 22 दिसंबर को सायं गादड़ा पट्टी बालू निवासी मनदीप के साथ बोलेरो गाड़ी में सवार होकर कैथल के रेलवे रोड स्थित ठेके से 90 हजार रुपये लेकर जा रहे थे। अमरगढ़ गामड़ी की गली नंबर 4 के सामने देवीगढ़ मोड पर अचानक पांच-छह लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया और उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और उनकी गाड़ी तोड़ दी। इसमें से एक व्यक्ति ने गाड़ी चला रहे मनदीप को नीचे खींच लिया और उसकी बाजू पर लाठी मारी। सभी आरोपी उससे 90 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। उसने वहां से ठेकेदार बलदीप को फोन कर के मारपीट ओर पैसे छीनने के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने कारिंदे की शिकायत पर मारपीट करने और नकदी छीनने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।