नशा तस्करों की संपत्ति अटैच करने के लिए पुलिस टीम डाटा जुटा रही है। इसी कड़ी में पुलिस को गुहला क्षेत्र के दाबन खेड़ी में नशा तस्करी के आरोपी गुरमेज के पास करीब 83 लाख रुपये की संपत्ति मिली है। तस्कर ने नशा बेचकर मकान व कार सहित लाखों रुपये की संपत्ति बनाई है।
पुलिस ने आरोपी को जांच में शामिल होने का नोटिस जारी किया हुआ है। अगर जांच में आरोपी शामिल नहीं होता है तो पुलिस की ओर से कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा पुलिस अभी कई अन्य और तस्करों की संपत्ति का ब्योरा तैयार कर रही है। जल्द ही इन तस्करों की भी फाइल तैयार करके प्रॉपर्टी अटैच करने की कार्रवाई शुरू होगी। इसके बाद तस्कर अपना मकान, प्लॉट, खेत, कार आदि संपत्ति न तो किसी को बेच सकेंगे और न ही उपहार में दे सकेंगे। बैंक खातों को भी फ्रीज कर दिया जाएगा। जिनमें कोई लेनदेन नहीं हो सकेगा।
पहले भी एक बार ऐसा अभियान ने द्वारा चलाया था। पुलिस ने दोबारा इस मुहिम को शुरू किया है। संपत्ति अटैच करने के लिए पुलिस ने तस्करों को वर्गीकृत किया है। जिन तस्करों के पास से पुलिस को भारी भरकम मात्रा में नशा मिला था और नशे के अनुसार न्यूनतम दस साल की सजा बनती है, ऐसे तस्करों की प्रॉपर्टी अटैच करने की प्रक्रिया शुरू की हुई है।
संपत्ति अर्जित करने वालों का ब्योरा जुटाने के लिए एसपी की ओर से विशेष टीम के अलावा जिला के सभी थाना प्रभारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि नशा बेचने व नशे से संपत्ति बनाने वालों का पता लगाएं और उनकी संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई करें। एसपी मकसूद अहमद ने बताया कि नशे के कारोबार से बनाई गई संपत्ति पर पुलिस ने कानूनी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। नशा तस्करों की कमर तोड़ने के लिए जिला पुलिस बड़ा एक्शन लेकर नशा तस्करों की संपत्ति जब्त करवाएगी।