परिवहन विभाग और मानस फाउंडेशन की ओर से बसों में यात्रियों के सफर को सुविधाजनक बनाने के लिए रोडवेज चालकों और परिचालकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। लगभग एक सप्ताह के प्रशिक्षण में कैथल जिले से 257 चालक और 187 परिचालक शामिल होंगे। बस अड्डा परिसर में प्रशिक्षण 22 सितंबर से शुरू होगा।
रोडवेज महाप्रबंधक अजय गर्ग ने बताया कि यात्रियों को बसों में सफर करते समय किसी प्रकार की परेशानी न आए। इसको लेकर रोडवेज के चालकों और परिचालकों को प्रशिक्षण दिया जाना है। उन्होंने बताया कि यात्रियों की ओर से अक्सर चालकों और परिचालकों के ठीक व्यवहार न करने की शिकायत उच्चाधिकारियों के पास आती रहती हैं। ऐसे में प्रशिक्षण के दौरान उन्हें शिष्टाचार, सुरक्षा का ध्यान, तनाव पर नियंत्रण आदि के गुर सिखाए जाएंगे, ताकि बस यात्रियों की परेशानियों और शिकायतों को कम किया जा सके। उन्होंने बताया कि रोजाना कैथल डिपो से 15 हजार से अधिक यात्री रोडवेज बसों में सफर करते हैं।
प्रशिक्षण के मुख्य बिंदु -
1. बस में यात्रियों को किस प्रकार चढ़ाया जाए, कैसे उतारा जाए
2. सीट कैसे उपलब्ध करवाई जाए, कितने यात्री एक बस में होने चाहिए
3. यात्रियों से कैसा व्यवहार करना है, महिलाओं की सुरक्षा बसों में कैसे करें, लंबे सफर में पानी का प्रबंध रखें
4.चालक व परिचालक ड्यूटी के दौरान तनाव से कैसे बचें। ट्रैफिक सिग्नल को चालक कैसे पार करें