संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका/कैथल। चीका में इन्वेस्टमेंट कंपनी में रुपये लगाकर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर एक करोड़ 36 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।
चीका थाने में दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने 18 लोगों को ठगी का शिकार बनाया है। जब उन्होंने मुनाफे को छोड़ अपने निवेश किए हुए रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने उनको जान से मारने और झूठे केसों में फंसाने की धमकी दी।
शिकायत में थेह बनेडा निवासी जगसीर और कुरुक्षेत्र के गांव स्योंसर निवासी जसविंद्र ने थाने में दर्ज करवाए गए मामले के तहत बताया कि कुरुक्षेत्र निवासी गौरव प्रताप राणा, कुरुक्षेत्र के गांव सुखी सराय निवासी रामशरण भारद्वाज और धोबी मोहल्ला कुरुक्षेत्र निवासी दिनेश मेहता ने मेसर्स मेटाएफ प्राइवेट लिमिटेड नाम से एक कंपनी बनाई है। इन आरोपियों ने चीका, कुरुक्षेत्र व करनाल में अपने कार्यालय बना लिए।
पीड़ितों के अनुसार, अगस्त 2022 में उनके एक जानकार ने उन्हें आरोपियों से मिलवाया। इस पर आरोपियों ने कहा कि उनकी फर्म मेसर्स मेटाएफ प्राइवेट लिमिटेड के नाम से है और इस फर्म के नाम से वे प्रॉपर्टी इन्वेस्टमेंट, शेयर मार्केट, ब्रोकर हाउस, क्रिप्टो रोड कन्स्ट्रक्शन व केडिया कैपिटल ब्रोकर हाउस आदि काम करते हैं। इसमें काफी मुनाफा है।
आरोपियों ने कहा कि इसमें आप जितना पैसा लगाओगे, उस पर आपको चार से पांच प्रतिशत प्रतिमाह ब्याज देंगे। जो आपका मूल पैसा होगा वह भी वापस दिया जाएगा। जसविंदर सिंह ने उनकी बातों पर विश्वास कर लिया और चार लाख रुपए फर्म मैसर्स मेटाएफ प्राइवेट लिमिटेड में लगा दिए। आरोपियों ने शुरू में उसे अच्छा ब्याज देकर विश्वास में ले लिया।
बाद में उसने अपने जानकार जगसीर को आरोपियों ने मिलवाया। उन्होंने जगसीर को पैसे डबल करने का झांसा देकर पांच लाख 50 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद आरोपियों के कहने पर उन्होंने अपने जानकार अमरीक सिंह, लक्ष्मण सिंह, बसंत, सत्यवान, बलबीर सिंह, हरप्रीत सिंह, राजपाल, आकाश, सतपाल, दिलबाग राणा, संदीप, गुरतेज, ज्ञान, नरेश, सुनील व चरणा से बातचीत की और एक करोड़ 36 लाख रुपये कंचनी में लगवा दिए।
आरोपियों ने और रुपये लगाने की बात कही और कंपनी की कलायत में प्रॉपर्टी होने की बात कहकर निवेश की गई रकम की गारंटी दी। जब आरोपी और ज्यादा लोगों को इससे जोड़ने के लिए कहा तो उनको शक हुआ और अपनी मूल राशि वापस करने के लिए कहा। पहले तो आरोपी टाल- मटोल करते रहे, लेकिन बाद में उनका फोन उठाना बंद कर दिया।
वे अपने साथियों को लेकर चीका, कुरुक्षेत्र व करनाल में आरोपियों के कार्यालयों में गए तो वहां ताला लगा मिला। उन्होंने कंपनी के बारे में पता लगाया तो जानकारी मिली कि उनके सभी दस्तावेज जाली थे। जब वे आरोपियों के घर गए तो उनको जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही उनको औरतों से झूठे छेड़छाड़ व रेप के केस में फंसाने की दी जा रही है। ऐसा करके आरोपियों ने उनसे एक करोड़ 36 लाख रुपये हड़प लिए।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, आरोपी अभी गुरुग्राम जैसे शहरों में ठगी के प्रयास में हैं और विदेश भाग सकते हैं। चीका थाना प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।