जींद। जिला परिषद की ग्रांट वितरण की बैठक सोमवार को कोरम पूरा नहीं होने के कारण रद्द हो गई। इस बैठक में 20 सदस्यों की जरूरत थी, लेकिन 19 सदस्य ही शामिल हो पाए। इसमें 14 पार्षद व पांच ब्लॉक समिति के चेयरमैन शामिल हुए। बैठक में कोई विधायक व सांसद शामिल नहीं हुआ। इससे पहले दो बार बैठक की तारीख दी गई थी। जिसमें पहले 28 जून को होनी थी। इसके बाद 12 जुलाई को होनी निश्चित हुई थी। वह दोनों बैठकें पहले ही पोस्टपोन कर दी गई थी। अब सोमवार को बैठक में कोरम पूरा नहीं होने के कारण रद्द कर दी गई।
इस बैठक में ढाई करोड़ रुपये की राशि का विकास कार्यों के लिए वितरण किया जाना था। जिसके चलते बैठक का समय साढ़े 11 बजे निर्धारित किया गया था, लेकिन बैठक में सीईओ जिला परिषद डॉ. किरण सिंह लगभग डेढ़ बजे के करीब पहुंची। जिसके बाद बैठक में जिला परिषद चेयरमैन व पार्षद पहुंचे। इस दौरान सदस्य पूरे करने के लिए लगातार पार्षदों की फोन कॉल चलते रहे, लेकिन कोरम पुरा करने के लिए 20 सदस्यों को बैठक में नहीं जुटा पाए। बैठक में 19 सदस्य पहुंचे थे। जिनके चलते कोरम पूरा नहीं हुआ। सदस्य के न पहुंचने पर सदन की कार्रवाई शुरू होने के साथ स्थगित की घोषणा जिला परिषद की अध्यक्ष ने कर दी। जिला परिषद की बैठक में कुल 41 सदस्य हैं। जिसमें 25 जिप पार्षद, आठ ब्लाक समिति चेयरमैन, पांच विधायक तथा तीन सांसद शामिल है। जिले में एक पार्षद की सदस्यता रद्द हो चुकी है। जिसके कारण अब सदस्यों की संख्या 40 रह गई है। विशेष बैठक में 20 सदस्यों की जरूरत होती है।
बैठक में अधिकारियों द्वारा काम नहीं करवाने के उठाए मुद्दे
बैठक में कोरम पूरा नहीं होने के कारण कुछ सदस्यों ने बैठक का समय बढ़वाने का प्रयास किया। जिसके चलते जनस्वास्थ्य विभाग व बिजली निगम के अधिकारियों पर समय से काम नहीं करने के आरोप भी लगाए। इसके अलावा आंगनबाड़ियों में बिजली की सुविधा व पंखें नहीं होने की भी बात कही। इस दौरान इन सदस्यों को उम्मीद थी कि इस समय का सदुपयोग भी होगा और इस दौरान कोई पार्षद भी बैठक में पहुंच जाएगा।
मोबाइल फोन की घंटियों से बनी रही उम्मीद
ग्रांट वितरण की विशेष बैठक में सदस्यों को पूरा करने के लिए मोबाइल फोन की घंटियों से उम्मीद तो बनी रही, लेकिन बैठक शुरू होने के 15 मिनट में यह आस टूट गई। जिसके चलते बैठक में 19 ही सदस्य रहे। हालांकि इस दौरान बैठक में शामिल पार्षदों ने बैठक से बाहर रहे पार्षदों से फोन पर संपर्क भी किया। कई पार्षदों व एक विधायक ने बैठक में शामिल होने का आश्वासन फोन पर ही दिया। जिसके बाद कोई भी बैठक में नहीं पहुंचा।
नहीं होगा कोरम पूरा, बिना हिस्सा लिए निकले उप प्रधान
जिप के उप प्रधान सतीश हथवाला डीआरडीए तो पहुंचे, लेकिन दोपहर पौने एक बजे तक इंतजार भी डीआरडीए हॉल के बाहर किया, लेकिन इस समय तक हॉल में कोई पार्षद नहीं पहुंचा था। जिसका इंतजार कर वह चले गए। जिप अध्यक्षा मनीषा रधावा ने कहा कि 24 में से 14 जिला पार्षद उनके साथ मौजूद हैं। पांच ब्लाक समिति सदस्य भी पहुंचे थे। बैठक को चलाने के लिए 20 सदस्यों का होना जरूरी था। कोरम पूरा न होने के कारण बैठक को स्थगित कर दिया है। अब सभी सदस्यों के साथ बैठक कर आगामी तारीख की घोषणा कर दी जाएगी।