जींद। बागड़ू कलां के खेल स्टेडियम में शुक्रवार को पुलिस को एक युवक का शव पड़ा मिला है। पुलिस ने शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। अंदेशा है कि युवक की मौत जहर निगलने से हुई है और मुंह से झाग आए हुए थे। वहीं परिजनों ने युवक की हत्या करने का आरोप लगाया है।
बागड़ू कलां निवासी विजेंद्र सिंह ने बताया कि उनका बड़ा बेटा 20 वर्षीय अंकित गुड़गांव की एक कंपनी में छह महीने से काम करता था। वीरवार को अंकित को गुड़गांव वापस जाना था। अंकित को छोड़ने के लिए उनका छोटा निशांत गांव के बस स्टैंड पर गया था और वह उसको छोड़ कर घर वापस आ गया।
उन्होंने बताया कि वीरवार दोपहर गांव का ही एक युवक अंकित को अपनी बाइक पर बैठकर ले जाता हुआ सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया है। उसके बाद शाम को उनके बड़े भाई को फोन पर सूचना दी कि अंकित गांव के स्टेडियम में मृत अवस्था में पड़ा है।
मामले की सूचना मिलते ही सरफाबाद चौकी इंचार्ज दिलबाग सिंह मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का मुआयना कर शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया। चौकी इंचार्ज दिलबाग सिंह ने बताया कि अंकित ने कोई संदिग्ध पदार्थ निगल रखा था। पोस्टमार्टम की विसरा रिपोर्ट आने के बाद रही मामले की गुत्थी सुलझ पाएगी। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।