फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जींद: सेना में भर्ती शुरू करने की मांग के लिए युवाओं ने किया प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम डीसी को सौंपा ज्ञापन

Wed, 11 May 2022 09:14 PM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, जींद (हरियाणा)

सार

युवाओं ने लघु सचिवालय में पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम डीसी को ज्ञापन सौंपा। सेना भर्ती के लिए आयु में दो वर्ष छूट की मांग भी की।
विज्ञापन
डीसी ऑफिस में धरने को संबोधित करते युवा। शहर में प्रदर्शन करते युवा। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा के जींद में सेना में भर्ती शुरू करने की मांग को लेकर बुधवार को शहर में काफी संख्या में युवाओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने इस संबंध में डीसी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें युवाओं ने आयु में दो वर्ष की छूट की मांग की। सुबह दस बजे काफी संख्या में युवा अर्जुन स्टेडियम में युवा खाप आर्मी के नाम से एकत्रित होने शुरू हो गए थे।

विज्ञापन


यहां से रानी तालाब, नेहरू पार्क, गोहाना रोड होते हुए लघु सचिवालय में पहुंचे। यहां डीसी ऑफिस के बाहर काफी देर तक प्रदर्शन किया। राजेश ढुल ने कहा कि पिछले लगभग दो साल से सेना की भर्ती नहीं निकाली गई है। इस कारण काफी युवाओं की आयु निकल चुकी है। इससे युवा सदमें में हैं। उनको सेना में भर्ती होने की बहुत इच्छा थी। 

उनका सपना ही सेना में भर्ती होने का है। अब सेना में भर्ती शुरू नहीं होने से इन युवकों को भारी आघात लगा है। इस कारण युवा मानसिक रूप से परेशान हो रहे हैं।  ग्रामीण क्षेत्र में युवा दिन-रात सेना भर्ती की तैयारियों में लगे रहते हैं। भर्ती नहीं निकलने से उनके सपने चकनाचूर हो गए हैं।
विज्ञापन


उन्होंने मांग की कि सेना भर्ती परीक्षा, सेना रैली भर्ती शुरू की जाए। एयर फोर्स के अनुक्रमांक व परिणाम जारी किए जाएं। सैन्य भर्तियों में उम्र में दो वर्ष की छूट दी जाए। नेवी भर्तियों में ऑनलाइन एग्जाम के माध्यम से सबको अवसर दिए जाएं। भर्ती नहीं निकाले जाने के कारण आलम यह है कि प्रदेश बेरोजगारी के मामले में पहले नंबर पर पहुंच गया है। सेना में प्रदेश के युवा सबसे ज्यादा भर्ती होते हैं। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही भर्ती नहीं निकाली गई और ओवरएज हुए युवाओं को आयु में दो साल की छूट नहीं दी गई तो युवा इससे भी बड़ा प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

डीसी को सौंपा न्यू खाप आर्डर
न्यू खाप ऑर्डर के लेखक राजेश ढुल ने बताया कि खाप खुद्ध लोकतंत्र की विशाल विचाराधारा है। जो व्यक्ति, परिवार, कुटुंब, ग्राम, जिला, राज्य एवं देश स्तर पर नागरिकों को सामाजिक प्रतिष्ठा, आर्थिक समृद्धि, राजनैतिक न्याय, सामाजिक संतुलन, नागरिक अधिकारों के प्रति और अवसर की समानता के साथ समाज को एक शुभ एवं न्यायिक व्यवस्था प्रदान करने का सांझा प्रयास है। कोई भी खाप, खाप सदन या खाप सभी सामूहिक रूप से सभी समस्याओं का समाधान कर सकती है। कोई भी खाप इस न्यू खाप आर्डर की प्रति लेकर इसके तहत दिए गए समाधानों पर निर्णय ले सकती है।

आठ मई को युवाओं ने लगाया था जिले में कई जगह जाम
इससे पहले आठ मई को जिले में युवाओं ने सेना में भर्ती शुरू करने की मांग को लेकर पांच जगह जाम लगाया था। इसके अलावा जिला अधिकारियों को गृहमंत्री व रक्षामंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे गए थे। नगूरां गांव में जींद-कैथल मार्ग, पालवां में जींद-पटियाला नेशनल हाईवे, नरवाना में विश्वकर्मा चौक, सफीदों व रामराय में भी युवाओं ने जाम लगाया था।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें