जुलाना। गढ़वाली खेड़ा गांव में सोमवार रात नौ बजे हुई मारपीट में घायल युवक ने मंगलवार सुबह पीजीआई रोहतक में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जुलाना थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव निडाना निवासी राजेश ने बताया कि वह अपने मामा के घर गांव गढ़वाली खेड़ा में गया हुआ था। सोमवार शाम को वह अपने मामा जगदीश के साथ खेतों में गया था। रात को लगभग नौ बजे वह अपने मामा जगदीश के साथ खेत में बने कोठे में बैठा था। इसी दौरान गांव गढ़वाली खेड़ा निवासी राजकुमार, उसके लड़के दीपक व सुनील, राजकुमार की पत्नी व उसकी लड़की अपने हाथों में गंडास, लोहे के रॉड व बिंडे लेकर पहुंचे और उन दोनों पर हमला कर दिया। सूचना पाकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और उनको आता देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुलाना में ले गए। यहां से चिकित्सकों ने दोनों को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पीजीआई में इलाज के दौरान मंगलवार सुबह उसके मामा जगदीश की मौत हो गई। सूचना पाकर जुलाना पुलिस पीजीआई पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
जुलाना थाना प्रभारी समरजीत ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गढ़वाली खेड़ा गांव में आपसी झगड़े में घायल युवक ने पीजीआई में दम तोड़ दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस पीजीआई पहुंच गई थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने गांव निडानी निवासी राजेश की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।