04जेएनडी38: आर्य गुरुकुल अहिरका में हुए कार्यक्रम में डीएफएससी राजेश आर्य को सम्मानित करते हुए
जींद। आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा एवं वेद प्रचार विभाग गुरुकुल कुरुक्षेत्र के संयुक्त तत्वावधान में वीरवार को प्रशिक्षण शिविर अहिरका में हुआ। इसका शुभारंभ पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी रामभगत शर्मा ने किया। मुख्य अतिथि जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक राजेश आर्य और विशिष्ट अतिथि कृषि वैज्ञानिक डॉ. सुभाष और पंतजलि योग समिति के जिला प्रभारी रामनारायण, वेद प्रचारक दयानंद आर्य पहुंचे।
उन्होंने कहा कि योग एवं वैदिक संस्कृति भारतीय जीवन पद्धति की अमूल्य धरोहर हैं। युवाओं को इनसे जोड़कर एक स्वस्थ, संस्कारवान एवं राष्ट्रनिष्ठ समाज का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक राजेश आर्य ने युवाओं को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास का भी सशक्त माध्यम है। शिविर में राष्ट्रपति अवार्डी सुभाष डिगाना ने ध्वजारोहण किया गया। भजनोपदेशक रामनिवास आर्य एवं योगेश्वर मुनि ने वैदिक भजनों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया।
संयोजक वरुण ढांडा के नेतृत्व में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में योगाभ्यास, व्यायाम, यज्ञ, वैदिक शिक्षा, व्यक्तित्व विकास तथा राष्ट्र भक्ति से संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने अधिक से अधिक युवाओं एवं विद्यार्थियों से शिविर में भाग लेकर लाभ उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रिंसिपल सुधा शर्मा, रणधीर ढांडा, सूर्य देव आर्य मौजूद रहे।