जींद बस स्टैंड पर बस का इंतजार करते यात्री।
- फोटो : Jind
रक्षाबंधन पर महिलाओं की सुविधा के लिए जींद डिपो ने विशेष प्रबंध किए हुए हैं। रविवार को जींद डिपो की 130 बसें यात्रियों को लेकर विभिन्न रूटों पर रवाना हुईं। इनमें अधिक संख्या महिलाओं और बच्चों की ही रही। वहीं सोमवार को रक्षाबंधन और मंगलवार को राखी बांधने के लिए जाने वाली महिलाओं की अधिकता के मद्देनजर ज्यादा से ज्यादा बसें ऑनरूट रहेंगी। वहीं
रविवार को जिस भी रूट पर यात्रियों की संख्या पर्याप्त रही उन रूटों पर बसों को भेजा जा रहा था। हर साल रक्षाबंधन पर्व पर महिलाओं के लिए रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा होती है, लेकिन इस बार कोरोना वायरस के संक्रमण के फैलने की वजह से रोडवेज द्वारा यह सुविधा नहीं प्रदान की जा रही है। वहीं महिलाओं की सुविधा के लिए जीएम ने ज्यादा से ज्यादा बसों को ऑन रूट करने का निर्णय लिया हुआ है। इसके चलते रविवार को जींद डिपो की 130 बसें ऑन रूट रहीं। इससे पहले डिपो की 70 से 80 बसें ही चल रही थीं। जींद डिपो से सुबह छह बजे पहली बस गुरुग्राम के लिए निकली। इसके बाद रोहतक, पानीपत, फरीदाबाद, हिसार, नरवाना, भिवानी, कैथल, बरवाला, असंध, हांसी, पंचकूला के अलावा अन्य रूटों पर बसें निकाली गईं। बस में अधिकतम 30 यात्रियों को सफर करने दिया गया। इसमें ज्यादातर यात्रियों को काउंटर से ही टिकट दिया गया।
यात्रियों को नहीं आने दी जाएगी परेशानी
रविवार की तरह सोमवार और मंगलवार को भी जिस रूट पर ज्यादा यात्रियों की संख्या होगी उस पर बसों को भेजा जाएगा। यात्रियों को बसों में कोई असुविधा न हो इसका पूरा ध्यान रखा गया है। टिकट लेने व बसों में बैठने के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग बनी रहे, इसका विशेष ध्यान रखा गया है। बस अड्डे पर यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है।
बिजेंद्र सिंह, रोडवेज जीएम जींद।