शराब का खुर्दा हटवाने की मांग को लेकर डीसी को शिकायत देने आईँ महिलाएं।
- फोटो : Jind
उचाना कलां गांव की महिलाओं ने बुधवार को डीसी कार्यालय पहुंचकर खापड़ वाले रास्ते से शराब के खुर्दे को हटवाने की मांग की है। महिलाओं ने डीसी को बताया कि उनके गांव में पेयजल की किल्लत है। इसके कारण उनको पानी लाने के लिए जलघर के टैंक पर जाना पड़ता है। जलघर खापड़ के रास्ते पर है। इसी रास्ते पर शराब का खुर्दा है।
उन्होंने बताया कि इस रास्ते से महिलाएं देर सवेर पानी लेने के लिए जाती हैं। रास्ते में शराब का खुर्दा होने के कारण शराबी महिलाओं पर फब्तियां कसते हैं, जिसकी वजह से आए दिन गांव में विवाद होने का डर रहता है। ठेकेदार को भी ठेका हटवाने के लिए कहा गया मगर वह धमकियां देकर चुप करा देता है। उन्होंने कहा कि गांव में दूसरी जगह पीने योग्य पानी नहीं है। इसके चलते महिलाओं को मजबूरी में इसी रास्ते से जाकर पानी लाना पड़ता है। महिलाओं ने डीसी से खुर्दे को शीघ्र ही हटवाने की मांग की है। इस अवसर पर शीला देवी, शारदा देवी, राजेश, मीना देवी, इसरो देवी, प्रीति, राखी, सरोज, बाला देवी, प्रियंका व पिंकी मौजूद रही।
अवैध खुर्दा पर होगी तुरंत कार्रवाई
अवैध खुर्दा चलाना गैरकानूनी है। यह मामला संज्ञान में आया है। इस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। जिले में कहीं भी अवैध शराब बेची जाती है तो इसकी सूचना तुरंत विभाग को दें।
रणधीर सिंह, डीईटीसी।