जींद। सदर थाना नरवाना पुलिस ने यौन उत्पीड़न मामले में फंसाने की धमकी देकर 25 लाख रुपये की डिमांड करने पर महिला के खिलाफ ब्लैकमेल करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।
दनौदा कलां के निवासी सुखबीर ने आरोप लगाया है कि गांव की एक महिला ने पहले उन्हें हनी ट्रैप में फंसाया। इसके बाद महिला ने उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। जब उन्होंने महिला की मांगें पूरी करने से मना किया तो उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न की झूठी एफआईआर दर्ज करवा दी गई, जिसके चलते उन्हें करीब सात महीने जेल में रहना पड़ा।
जमानत पर बाहर आने के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ। आरोप है कि वही महिला अब फिर से उन्हें यौन उत्पीड़न मामले में फंसाने की धमकी दे रही है और इस बार केस न कराने के बदले 25 लाख रुपये की मांग कर रही है। पीड़ित के अनुसार, उनके पास इस धमकी और पैसे की मांग के सबूत भी मौजूद हैं।
पुलिस जांच अधिकारी सुरेंद्र ने बताया कि महिला के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, अवैध वसूली की कोशिश और अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।