सफीदों। गांव मुआना-सिंघाना के बीच एक जुगाड़ बाइक-रिक्शा की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौत हो गई जबकि उसका पति और दुधमुंही बच्ची बाल-बाल बच गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने जुगाड़ बाइक-रिक्शा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
करनाल जिले के गांव जुलानीखेड़ा निवासी प्रवीन वीरवार की दोपहर बाद अपनी पत्नी 24 वर्षीय सोनम और चार महीने की दुधमुंही बच्ची के साथ बाइक से अपनी ससुराल रामपुरा में आ रहा था। जैसे ही वह मुआना गांव के पास पहुंचा कि सामने से सरियों से लदी जुगाड़ बाइक-रिक्शा आ रही थी। अचानक बाइक-रिक्शा चालक ने काट मारा तो उसका संतुलन बिगड़ गया और रिक्शा में लदे सरिये प्रवीन की बाइक से टकरा गए। सरिये लगते ही प्रवीन की बाइक सड़क पर गिर गई। इसके अलावा सरिये सोनम को भी लग गए। सोनम की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने तुरंत सूचना पुलिस को दी। इस घटना में प्रवीन तथा उसकी बच्ची बाल-बाल बच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पहुंचाया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात जुगाड़ बाइक-रिक्शा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।