जींद। महिला को कॉल कर उसके बेटे को दुष्कर्म के केस में फंसा होने की बात कहकर ठगों ने सात लाख 20 हजार रुपये ठग लिए। इस मामले में साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
शर्मा नगर निवासी किरण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा दूसरे शहर में पढ़ाई करता है। उसके पास अज्ञात ने कॉल कर खुद को पुलिसकर्मी बताया और कहा कि उनका बेटा दुष्कर्म के केस में फंस गया है। उसको छुड़वाना है तो दो लाख रुपये रिश्वत देनी होगी। इस दौरान ठगों ने महिला की बात उसका बेटा बताकर किसी और से करवा दी। इससे वह घबरा गई और दो लाख रुपये बैंक से निकलवाकर लाई और बिना परिजनों को मामले की जानकारी दिए आरोपियों के बताए गए खाते में डाल दिए। इसके बाद फिर आरोपियों ने रुपये उससे खाते में डलवाए। इस तरह तीन बार में ठगों ने महिला से 7.20 लाख रुपये खाते में डलवा लिए। इसके बाद भी ठगों की मांग बढ़ती गई तो महिला ने परेशान होकर अपने जेठ को इस घटनाक्रम के बारे में बताया। इस पर उसके जेठ ने उनके बेटे से बात की तो उसने खुद को ठीक बताया। साइबर थाना प्रभारी पूजा जाखड़ ने बताया कि महिला की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।