22जेएनडी26: बैठक में सामाजिक मुद्दों पर चर्चा करते हुए खाप के सदस्य। संवाद
जींद। सामाजिक मुद्दों को लेकर अहिरका में रविवार को सर्वजातीय पूनिया खाप की बैठक हुई। प्रदेशाध्यक्ष शमशेर नंबरदार के नेतृत्व में हुई बैठक में नशे पर पूरी तरह से पाबंदी लगाने, किसानों समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में खाप ने निर्णय लिया कि पूनिया गोत्र के सभी गांवों को नशामुक्त किया जाएगा। इसके लिए खाप के प्रत्येक गांव में अभियान चलाकर नशामुक्ति के लिए काम किया जाएगा। प्रत्येक गांव में इस अभियान को कारगर बनाने के लिए 11 सदस्यीय कमेटी बनाई जाएगी। नशे के खिलाफ काम में पुलिस का भी खाप सहयोग करेगी।
खाप के प्रवक्ता अधिवक्ता जितेंद्र छात्तर ने बताया कि पूनिया खाप अपने गांव में नशे के खिलाफ मुहिम चलाएगी। रोकथाम के लिए गांव में कमेटी बनेगी। ग्रामीण अपने स्तर पर नशा रोकेंगे। इसके लिए पुलिस सहयोग लिया तथा दिया जाएगा। खाप पंचायत ने बढ़ते नशे पर चिंता जताई। गांव खरकपूनिया में खाप का चबूतरा बनाया जाएगा। यहां पर यूपीएसपी व अन्य बड़े पदों की तैयारी करने वाले सभी जातियों के युवक-युवतियों को निशुल्क कोचिंग दी जाएगी। इससे समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता आएगी। खाप ने बुडाना हत्याकांड की निंदा कर इसकी जांच करने की मांग की। उन्होंने कहा कि आंदोलनरत किसानों की मांगों पर सरकार को सहानुभूतिपूर्वक बातचीत करनी चाहिए। किसान काफी लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। संभल के 180 हिंदू पीड़ित परिवारों को न्याय मिलना चाहिए। इस अवसर पर युवा विंग के प्रदेशाध्यक्ष अमित पूनिया, रमेश पूनिया, दरवेश पूनिया, राजेंद्र पूनिया मौजूद रहे।
22जेएनडी26: बैठक में सामाजिक मुद्दों पर चर्चा करते हुए खाप के सदस्य। संवाद