जींद। रोडवेज डिपो नए साल पर जींद से जम्मू-कटरा और हल्द्वानी के लिए बस सेवा शुरू करेगा। डिपो ने यात्रियों की मांग पर सेवा शुरू करने का फैसला लिया है।
डिपो प्रबंधन की तरफ से परमिट और एनओसी की प्रक्रिया को पूरा किया जा रहा है। ऐसे में जनवरी की शुरुआत में बस सेवा शुरू हो जाएगी। गौरतलब है कि पांच साल पहले जींद से जम्मू कटरा के लिए बस चलती थी, लेकिन बाद में बसों की कमी होने के कारण बंद कर दिया गया था। उसके बाद से ही यात्री इस रूट पर बस सेवा शुरू करने करने की मांग कर रहे थे। जींद डिपो में 168 बस हैं, जिसमें लगभग हर रोज 16 हजार यात्री सफर करते हैं। पिछले दिनों जींद से नेशनल हाईवे 152-डी से होते हुए चंडीगढ़ के लिए बस शुरू की थी। अब रोडवेज जम्मू-कटरा व हल्द्वानी के लिए भी बस सेवा शुरू कर रहा है।
कटरा के लिए सुबह सात बजे चलेगी
जींद से जम्मू कटरा के लिए प्रतिदिन सुबह 7 बजे बस चलेगी। बस नरवाना, खनौरी, संगरूर, लुधियाना होते हुए जम्मू और कटरा जाएगी। इससे वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं को ज्यादा फायदा होगा। यह बस कटरा में रात्रि ठहराव कर अगले दिन वापस आएगी। वहीं हल्द्वानी के लिए भी सुबह दस से 11 बजे के बीच बस के चलने का समय निर्धारित किया जाएगा।
पेगां के स्टॉप पर बस रोकने के आदेश
कैथल-चंडीगढ़ मार्ग पर पेगां गांव के स्टॉप पर बसों को रोका नहीं जा रहा है। इससे विद्यार्थियाें व अन्य यात्रियों को परेशानी होती है। यात्रियों ने इसकी शिकायत अधिकारियों से की थी। ऐसे में महाप्रबंधक ने कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि रूट पर चलने वाले चालक-परिचालक निर्धारित स्टॉप पर बसों को रोककर यात्रियों को प्रेमपूर्वक चढ़ाए व उतारें। भविष्य में किसी कर्मचारी के खिलाफ शिकायत मिलती है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नए साल पर जींद से जम्मू कटरा और हल्द्वानी के लिए बस शुरू हो जाएंगी। माता वैष्णो देवी की तरफ जाने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी। -राजेश हैबतपुर, डीआई, रोडवेज डिपो जींद।
22जेएनडी27: शहर के बस अड्डे का फोटो जहां से बस शुरू होगी। संवाद