खेतों में पोल टूटने से गिरा ट्रांसफार्मर।
- फोटो : Jind
जींद। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार रात को जिले भर में बारिश हुई। इस दौरान तेज अंधड़ से कई जगह पेड़ व बिजली के पोल भी गिर गए। हालांकि बारिश के बाद दोपहर तक गर्मी से राहत मिली, लेकिन शाम के समय हवा में नमी की मात्रा 70 प्रतिशत तक पहुंच गई, जिससे उमस भरी गर्मी ने परेशान किया।
लंबे इंतजार के बाद हुई बारिश किसानों के लिए वरदान बनकर आई है। हालांकि लोगों को कुछ समय के लिए ही सही गर्मी से भी राहत मिली है, लेकिन किसानों को इस समय बारिश की सख्त जरूरत थी। धान की रोपाई जोरों पर चल रही है। वहीं कपास, जवार व अन्य फसलों में भी सिंचाई की जरूरत थी। बारिश के बाद नमी को देखते हुए किसान बाजरे की भी बिजाई कर सकते हैं।
जिले में हुई बारिश
खंड बारिश (एमएम)
जींद 14.4
नरवाना 45
सफीदों 42
उचाना 4
अलेवा 50
पिल्लूखेड़ा 22
जुलाना 5
तेज हवा के साथ हुई बारिश से टूटे खंभे, तीन गांवों की बिजली आपूर्ति ठप
अलेवा। शुक्रवार देर रात को हुई जोरदार बारिश अधिकतर किसानों की फसलों के लिए बेशक फायदेमंद साबित हुई हो लेकिन तीन गांवों के लोगों के लिए बारिश के साथ आया अंधड़ आफत बन गया। इससे काफी संख्या में किसानों के खेतों में खड़े पौधे गिरने के अलावा बिघाना के एक किसान द्वारा पांच एकड़ में बनाया गया पोली हाउस भी पूरी तरह टूटनेे से नुकसान हुआ है। देर रात को हुई तेज बारिश के साथ आए अंधड़ से विभिन्न गांवों में बिजली लाइन के पोल टूटने के अलावा भारी संख्या में पेड़ टूट गए। पोल टूटने व ट्रांसफार्मर गिरने से बिघाना, हसनपुर व दुड़ाना गांवों व खेतों की बिजली सप्लाई ठप हो गई है। इसके अलावा बिघाना के किसानों के खेत में बनाया गया पोली हाउस भी टूूट गया है। तीन गांवों केे बिजली फीडरों की सप्लाई पोल टूटने व ट्रांसफार्मर गिरने से बंद हो गई। बिजली सप्लाई बुधवार को बहाल होने के बाद शुक्रवार रात को दोबारा ठप हो गई है। बिजली लाइन के भारी संख्या में पोल टूटने से बिजली सप्लाई बाधित होने के साथ ही बिजली निगम को भी काफी नुकसान हुआ है।