सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते ग्रामीण।
- फोटो : Jind
नरवाना। बदोवाल टोल प्लाजा से आसपास के गांवों के वाहनों को बिना टोल दिए निकलने की मांग को लेकर पांच गांवों के लोगों ने टोल पर दस्तक दी। शनिवार को पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने बवाल काटा। ग्रामीणों ने जबरन टोल वसूलने का आरोप लगाकर टोल कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और टोल के गेट तोड़कर जाम लगा दिया। ग्रामीण सुबह करीब साढ़े दस बजे यहां पहुंच गए थे और दो घंटे तक हंगामा किया।
जाम की सूचना मिलते ही शहर पुलिस व सदर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों का समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण टोल माफ की मांग पर अड़े रहे। ग्रामीणों के नहीं मानने पर एसडीएम जयदीप कुमार, डीएसपी साधु राम व नायब तहसीलदार विरेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और टोल नहीं लेने की मांग पूरी करके ही ग्रामीणों को मनाया। टोल अधिकारियों द्वारा गांव व नरवाना का टोल फ्री के एलान के बाद ग्रामीण अपने घरों को चले गए। इस दौरान टोल से गुजरने वाले वाहनों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि जिस समय टोल प्लाजा का निर्माण किया गया, आसपास के गांवों का टोल नहीं लगने की मांग रखी थी। जिसके बाद आसपास के गांवों के लोगों का टोल नहीं लगता था। टोल कर्मचारियों की दादागिरी के कारण पिछले कुछ दिनों से आसपास के ग्रामीणों के भी टोल वसूलना शुरू कर दिया। आसपास के ग्रामीणों ने इस बारे प्रशासन को अवगत करवाया। शनिवार को भारी तादाद में ग्रामीण टोल प्लाजा पर पहुंचे और टोल गेटों को तोड़ना शुरू कर दिया। इस दौरान टोल सुरक्षा कर्मियों व ग्रामीणों के बीच झड़प हुई। ग्रामीणों ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। सदर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह व शहर थाना प्रभारी राकेश राणा ने ग्रामीणों को समझाकर बुझाकर शांत किया और पांच लोगों की कमेटी बनाकर अधिकारियों से मिलाकर पहले की तरह टोल माफ करवाया। एसडीएम जयदीप कुमार ने टोल कर्मियों की मौजूदगी में कहा कि जब तक इस समस्या का कोई समाधान नहीं निकलता है तब तक इन छह गांवों के लोगों को टोल देने की आवश्यकता नहीं है।
इन गांवों को मिलेगी राहत
ग्रामीणों के आंदोलन के बाद आसपास के गांवों को अगली व्यवस्था तक टोल नहीं देना होगा। टोल अधिकारियों ने बताया कि इसके तहत नरवाना, बदोवाल, सच्चाखेड़ा, दबलैन, दनौदा, भिखेवाला गांवों को राहत मिलेगी।
वर्जन
टोल व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। ग्रामीणों की मांग पूरी के आश्वासन कल्े बाद ग्रामीणों वापिस अपने घरों को लौट गए। पुलिस सूचना मिलते ही टोल प्लाजा पर पहुंच गई थी। अब टोल प्लाजा पर किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है।
- राकेश राणा, शहर थाना प्रभारी।