लितानी रोड पर फाटक के पास निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास में भरा पानी। संवाद
- फोटो : Jind
उचाना(जींद)। लितानी रोड पर निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास पर बारिश का पानी भरा होने से अब तक कार्य रुका हुआ है। वाहन चालकों ने रेलवे के साथ-साथ सीएम व डिप्टी सीएम से भी मांग की है कि जो रेलवे द्वारा अंडरपास बनाया जा रहा है, उस पर शेड लगाया जाए ताकि बारिश का पानी इसमें न भरे।
वाहन चालकों का कहना है कि अगर अंडरपास पर शेड नहीं बनाया गया तो वाहन चालकों को काफी परेशानी होगी। जगरूप, सुरेंद्र, राजेश, जगदीश व मनोज ने कहा कि फाटक के पास अंडरपास का कार्य निर्माणाधीन है। यह अंडरपास बनने के बाद फाटक बंद हो जाएगी। ऐसे में दोनों अंडरपास में पानी भर गया तो लाइन पार जाने के लिए वाहन चालकों को बड़ौदा, खेड़ी मंसानिया से होकर ही आना-जाना पड़ेगा।
निर्माणाधीन अंडरपास पर बारिश का पानी न भरे, उसके ऊपर शेड बनाना चाहिए। उचाना कलां मानव रहित फाटक की जगह बनाए गए अंडरपास पर भी शेड बनाना चाहिए। दोनों जगह बारिश का पानी भर भी जाए तो पानी निकासी के पुख्ता प्रबंध होने चाहिए। लितानी रोड रेलवे फाटक के पास जो अंडरपास बन रहा है, वह शहर में आने-जाने वाला रास्ता है। इसको लेकर रेलवे मंत्री के साथ-साथ सीएम मनोहर लाल, डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला व सांसद बृजेंद्र सिंह को भी पत्र भेज कर मांग करेंगे।
रेलवे सीनियर इंजीनियर सुरेंद्र छोक्कर ने कहा कि लोगों की समस्या को लेकर उच्चाधिकारियों से बातचीत की जाएगी। जैसे ही कोई निर्देश उच्चाधिकारियों से मिलते हैं, उस हिसाब से लोगों को सुविधा दी जाएगी।