संवाद न्यूज एजेंसी
सफीदों। नगर के सरला मेमोरियल राजकीय कन्या काॅलेज रोड पर बीच में बिजली का खंभा आने के कारण काॅलोनी वासियों ने नाला निर्माण का कार्य वीरवार को रुकवा दिया। लोगों ने प्रशासन व पालिका से बिजली के खंभों को साइड में करने की मांग की।
लगातार मांगों के बाद नगर के कन्या कालेज के रास्ते के निर्माण कार्य शुरू हुआ है। रोड को बनाने से पहले इसके साइट में नाले का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण स्थल में एक दर्जन बिजली के खंभे आ गए हैं। वीरवार को इस सड़क के साथ लगते वार्डों के नागरिक मौके पर पहुंचे और नाला निर्माण कार्य को रुकवा दिया। उन्होंने कहा कि जब तक नाले के बीच में से बिजली के खंभों को नहीं निकलवा दिया जाता तब तक नाले का निर्माण किसी प्रकार से जायज नहीं है और इससे निकासी व्यवस्था प्रभावित होगी।
पार्षद दीपक जोगी व पार्षद प्रतिनिधि सीलू सैनी ने कहना है कि इस नाला निर्माण से करीब ढाई महीने पूर्व ही पालिका की ओर से बिजली महकमे को अवगत कराया गया था लेकिन बिजली विभाग ने कोई एस्टीमेट नहीं दिया है। बिजली का खंभा होने से नाला निर्माण का कार्य प्रभावित हो रहा है। ठेकेदार अंकित ने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण काम रुक गया है। सरकार ने इस कार्य को पूर्ण करने की समयावधि तय की है। अगर काम प्रभावित रहा तो यह कार्य समय पर पूरा नहीं हो पाएगा। बिजली के खंभे साइट में होने चाहिए।
बाक्स
उनके पास एस्टीमेट बनाने का पत्र पालिका की ओर से नहीं आया है। अगर इस संबंध में कोई आवेदन आता है तो उस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। अंकुश गर्ग, एसडीओ, बिजली विभाग