जींद। नेशनल हाईवे 352-ए पर रास्ते की मांग को चाबरी व भिड़ताना गांव के लोगों ने जिला परिषद तथा ब्लॉक समिति मतदान का बहिष्कार करते हुए रविवार को भी अपना धरना जारी रखा।
मतदान के बावजूद ग्रामीणों ने अपने धरने को जारी रखा और पांच महिलाएं रविवार को भूख हड़ताल पर बैठी।
गांव चाबरी में एसडीएम आईएएस पंकज, डीएसपी जोगेंद्र सिंह, तहसीलदार अजय सैनी भी पहुंचे और उन्होंने ग्रामीणों से वोट डालने की अपील भी की लेकिन ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती तब तक उनका धरना जारी रहेगा। पिछले दो महीने से यह लोग जींद-सोनीपत ग्रीन फील्ड और नारनौल-ईस्माइलाबाद नेशनल हाईवे के इंटरचेंज के पास चाबरी, भिड़ताना, मोरखी, निडाना, आसन, सिवाहा, कालवा, खरकरामजी समेत दर्जनों गांवों के लोग इंटरचेंज के पास धरना दे रहे हैं। ग्रामीणों की मांग है कि उन्हें ग्रीन फील्ड हाईवे पर चढ़ने के लिए रास्ता दिया जाए। साथ ही यहां जो अंडरपास पहले से बना हैं, उन्हें भी चालू रखा जाए। यहां पानी न भरे, इसके इंतजाम किए जाएं। रविवार को भूख हड़ताल पर मुन्नी, अनीता, चांद कौर, रामरति, शीला बैठे। धरने पर प्रधान सूबे सिंह, ओमप्रकाश ढांडा, कृष्ण, राजेश, प्रदीप, चांद, राजेंद्र, विनोद, सतबीर शामिल रहे।