मीटिंग को संबोधित करते रघुबीर भारद्वाज।
- फोटो : jind
ब्राह्मण समाज पर टिप्पणी वाला गाना गाने वाले लोगों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार को ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने सफीदों रोड स्थित ब्राह्मण धर्मशाला में बैठक की। बैठक की अध्यक्षता बनारसीदास शर्मा ने की। बैठक में सर्वसम्मति से कमेटी का गठन किया। पवन शर्मा को प्रदेशाध्यक्ष चुना गया। पवन शर्मा ने बताया कि जिन लोगों ने समाज पर अभद्र टिप्पणी की है, उनको जल्द गिरफ्तार किया जाए। इस संदर्भ में प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। तीन दिन तक अगर कोई कार्रवाई नहीं की तो ब्राह्मण समाज के लोग बड़ा फैसला लेंगे। बैठक में फैसला लिया गया कि किसी भी समाज पर लिखे और गाए गए गानों पर पूर्ण प्रतिबंध लगे। इस मौके पर रामफूल शर्मा, पवन शर्मा, मदनलाल भारद्वाज, चंदगी राम, पवन कौशिक, नरेश गौड़, सुरेंद्र कुमार, राकेश व प्रवीण मौजूद रहे।
मीटिंग के बीच बुजुर्गों और युवाओं में तकरार
जिस समय ब्राह्मण धर्मशाला में मीटिंग चल रही थी, तभी कुछ युवाओं ने अपनी ओर से उत्तेजक सुझाव दिए। इसको कुछ बुजुर्गों ने रोकना चाहा तो दोनों पक्षों के बीच तकरार हो गई। हालांकि बाद में समाज के लोगों ने इसे शांत किया।
इस बारे में नरवाना के डीएसपी कुलवंत बिश्नोई ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।