जींद। शहर के कौशिक नगर स्थित एक प्लाईवुड के गोदाम से फैविकोल की 280 बाल्टियों समेत अन्य सामान चोरी होने के मामले में शहर थाना पुलिस ने दुकान के ही कर्मचारी विकास गर्ग और अशोक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
शहर के अर्बन इस्टेट निवासी प्रशांत ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रानी तालाब के पास प्लाईवुड की दुकान चलाता है। उसकी दुकान का गोदाम कौशिक नगर में है। 20 फरवरी को जब उन्होंने गोदाम में जाकर सामान की जांच की तो एल्युमिनियम की 15 सीढ़ी, फैविकोल की 120 बाल्टी, 20 किलोग्राम की फैविकोल की 160 बाल्टी और प्लाई के बोर्ड गायब मिले। उसने आरोप लगाया कि गोदाम में रखा सामान विकास मुनीम ने अशोक निवासी हैबतपुर व तीन अन्य लोगों के साथ चोरी किया है। शहर थाना प्रभारी दिनेश ने बताया कि पुलिस ने विकास और अशोक को नामजद कर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।